मसूरी में पारा शून्य के करीब पहुंचा | Jokhim Samachar Network

Thursday, May 09, 2024

Select your Top Menu from wp menus

मसूरी में पारा शून्य के करीब पहुंचा

धूप में भी छूट रही कंपकंपी
देहरादून। बर्फबारी के बाद उत्तराखंड शीतलहर की चपेट में है। मसूरी में न्यूनतम पारा सामान्य से तीन डिग्री नीचे शून्य के करीब पहुंचने से धूप में भी कंपकंपी छूट रही है। दून में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री गिरने से सुबह एवं शाम कड़ाके की ठंड से आमजन बेहाल हैं। उधर, मुक्तेश्वर, नई टिहरी और जोशीमठ में पारा शून्य से नीचे रिकार्ड किया गया।
मसूरी के पास धनोल्टी और सुरकंडा के साथ ही नैनीताल में हुई बर्फबारी का पर्यटक खूब लुत्फ उठा रहे हैं। चमोली के औली में भी सैलानियों का तांता लगा हुआ है। हालांकि पहाड़ों में हिमपात से दुश्वारियों में इजाफा भी हुआ है। उत्तरकाशी में गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे तीसरे दिन भी नहीं खोले जा सके। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से मौसम राहत देगा।
उत्तरकाशी जिले की गंगा और यमुना घाटी बर्फ से पट चुकी है। शनिवार और रविवार को हुई बारिश और हिमपात के कारण जिले में 10 संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। करीब तीन दर्जन गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चैहान ने बताया कि सड़कों को खोलने का कार्य जारी है। जल्द ही इन मार्गो पर यातायात बहाल कर दिया जाएगा। हालांकि चमोली और रुद्रप्रयाग में मार्ग बंद होने की सूचना नहीं है, लेकिन कड़ाके की ठंड के कारण बाजारों से चहल-पहल नदारद है। देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में पारा लुढ़क गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार आने वाले 24 घंटे में देहरादून में मौसम शुष्क रहेगा। प्रदेश के मैदानी क्षेत्र हरिद्वार व ऊधम सिंह नगर जनपदों के कुछ भागों में घना कोहरा छाने की संभावना है।

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *