देहरादून। जनपद पिथौरागढ़ के भट्यूडा में एक कार के गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया. सुबह करीब छह बजे हुए इस हादसे में एक सवार चमत्कारिक रूप से बच गया। मौके पर पहंुची पुलिस ने मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरूवार की सुबह 6 बजे के करीब एक ऑल्टो कार में सवार 4 लोग जाख से पिथौरागढ़ मुख्यालय आ रहे थे, लेकिन भट्यूडा के पास चालक का नियंत्रण खोने से कार 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जिससे मौके पर चीखपुकार मच गयी। इस हादसे की सूचना तत्काल पुलिस को दी गयी। मौके पर पहंुची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर सभी को खाई से बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार हादसे में कार सवार 42 साल के मुकेश बिष्ट और 43 साल की भागीरथी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 51 वर्षीय कार चालक नंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार एक अन्य व्यक्ति फैज राम पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुलिस ने दोनों शवों को खाई से निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।