नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा में एच डी कुमारस्वामी नीत सरकार का विश्वास प्रस्ताव गिरने के साथ ही मंगलवार को कांग्रेस के हाथ से एक और राज्य चला गया। अब सिर्फ चार राज्यों एवं एक केंद्रशासित प्रदेश में ही उसकी सरकारें बची हैं। कांग्रेस अब पंजाब, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और पुडुचेरी में सत्तासीन है। कर्नाटक में गठबंधन सरकार गिरने साथ ही दक्षिण भारत में कांग्रेस किसी भी राज्य में सत्ता में नहीं रह गई है। हालांकि केंद्रशासित पुडुचेरी में जरूर उसकी सरकार है। पिछले साल कर्नाटक में जद(एस) के साथ मिलकर सरकार बनाते हुए कांग्रेस ने राज्य में अपनी सत्ता बरकरार रखी थी।