देहरादून। बीते 10 वर्षों में इस साल दिसंबर की धूप सबसे फीकी रिकार्ड की गई है। इस साल दिसंबर में दोपहर का अधिकतम तापमान 24 डिग्री तक ही पहुंचा है। मौसम विभाग के अनुसार 27 दिसंबर को फिर से मौसम में बदलाव के आसार बन रहे है।
आमतौर पर दिसंबर में प्रदेश में ठंड बहुत अधिक बढ़ जाती है। इसके बावजूद दून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में दिन में अच्छी धूप पड़ती है। लेकिन इस साल दून की धूप में गर्माहट अपेक्षाकृत काफी कम है।मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 2016 में दिसंबर के दिन सबसे ज्यादा गर्म रिकॉर्ड किए गए थे। वर्ष 2016 में तापमान अधिकतम 29.2 डिग्री तक पहुंचा था। वहीं बीते 10 वर्षों में दिसंबर में दिन का तापमान अधिकतम 25 डिग्री तक ही रिकॉर्ड किया गया, लेकिन इस वर्ष पारा 24 डिग्री पर जाकर ठिठक गया है।
रात को ज्यादातर इलाकों में जबरदस्त ठंड हो रही है। हालांकि अभी अन्य वर्षों की तुलना में तापमान अधिक बना हुआ है। अगले कुछ दिनों में रात के तापमान में कमी आ सकती है। पिछले 10 वर्षों के दौरान 24 दिसंबर 2011 को सबसे ठंडी रात रही थी, जब तापमान 2.6 डिग्री तक पहुंच गया था। दून में अभी रात का तापमान पांच डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार इस वर्ष मानसून के बाद तापमान में तेजी से कमी आई है। इसके चलते दिन का तापमान सामान्य के आसपास ही रहा। दिसंबर में कई स्थानों पर बर्फबारी भी हुई। इसका भी असर देखने को मिला है।