विकासनगर। उत्तराखंड क्रांति दल की मंगलवार को निगम रोड स्थित कार्यालय में संपन्न हुई बैठक में मिशन ग्रास रूट के तहत ग्राम स्तर तक सदस्यता अभियान शुरू करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही बैठक में लोकसभा चुनाव में दमदार प्रदर्शन करने के लिए रणनीति तैयार करने पर भी चर्चा की गई। उक्रांद के जोन प्रभारी डा. शक्ति शैल कपरवाण ने कहा कि राज्य गठन के बाद शुरुआती दो विधानसभा चुनाव के अलावा पार्टी का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। राज्य की क्षेत्रीय पार्टी होने के बावजूद लगातार मत प्रतिशत में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि इसके लिए उन्होंने राष्ट्रीय दलों को दोषी बताते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने लगातार उक्रांद को कमजोर करने की कोशिश की और दोनों ही राष्ट्रीय दल अपनी इस कोशिश में कामयाब भी हुए हैं। बावजूद इसके अभी भी प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी का संगठन सक्रियता के साथ मौजूद है। अब संगठन को विस्तार देने की जरूरत है। इसके लिए स्थानीय मुद्दों को लेकर प्रत्येक गांव में सदस्यता अभियान शुरू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत और निकाय चुनावों में पार्टी को सक्रिय भागीदारी कर अपने प्रदर्शन में सुधार लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर उक्रांद की इकाई गठित कर संगठन को मजबूत करने के लिए मिशन ग्रास रूट शुरु किया गया है। जिले की महिला प्रभारी किरन रावत ने कहा कि दल में महिलाओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाए। महिला शक्ति के जुड़ने से पार्टी संगठन को निश्चित तौर पर मजबूती मिलेगी। जिलाध्यक्ष गणेश काला ने कहा कि लोकसभा चुनाव में दमदार प्रदर्शन करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी लेनी होगी। लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन के आधार पर ही मिशन ग्रास रूट की दशा और दिशा तय होगी। इस दौरान सदस्यता प्रभारी सुनील ध्यानी, पूर्व केंद्रीय उपाध्यक्ष शैलेश गुलेरी, संजीव भट्ट, अतुल बैंजवाल, जितेंद्र पंवार, मनोज कंडवाल, सुमित राणा, मनीष कुमार, शेखर पाल, सौरभ रमोला, अमन बिष्ट, शादाब, जयकृत नौटियाल, विकास आदि मौजूद रहे।