देहरादून। लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे 108 एंबुलेंस सेवा के पूर्व कर्मचारियों का गुस्सा गुरुवार को फूट गया। सचिवालय कूच के लिए निकले कर्मचारियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों की झड़प हो गई। जिसके बाद पुलिस ने पूर्व कर्मचारियों को गिरफ्तार कर सुद्धोवाला भेज दिया। इस दौरान पुलिस को पूर्व कर्मचारियों पर लाठियां भी फटकारनी पड़ी। गिरफ्तारी के बाद वाहन में चढ़ते हुए कर्मचारियो ने मुख्यमंत्री मुर्दाबाद के नारे लगाए। हंगामे के बाद आंदोलनकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन वे सब गाड़ी से उतरकर भाग निकले। बाद पुलिस कर्मचारियों को पकड़कर दोबारा हिरासत मे लिया। उधर, सचिवालय के नजदीक सेंट जोजेफ स्कूल की छुट्टी का समय भी हो गया । इससे वहां बच्चों को लेने आए परिजनों को भी भीड़ का सामना करना पड़ा। स्कूल की छुट्टी और प्रदर्शन के चलते सुभाष मार्ग पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।