विकासनगर। बाल विकास विभाग की ओर से गुरुवार को चकराता विधानसभा के हाजा दसऊ में गांव में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। गांव की महिलाओं ने हाथों में मेहंदी लगाकर शत-प्रतिशत मतदान करने की शपथ ली। इसके साथ ही महिलाओं ने मतदान को जागरूक करने वाले संदेश लिखी पतंगें उड़ाई। चकराता ब्लॉक की सीडीपीओ अंजू बडोला ने कहा कि अक्सर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं मतदान को लेकर जागरूकता नहीं होती है। महिलाएं पंचायत चुनावों में तो मतदान करती हैं, लेकिन विधानसभा और लोकसभा के चुनावों में मतदान को लेकर दिलचस्पी नहीं लेती हैं। इससे कई बार ऐसे प्रत्याशी विधानसभा या लोक सभा में पहुंच जाते हैं, जो आधी आबादी की पसंद नहीं होते हैं। इससे क्षेत्र की समस्याओं का समाधान समय पर नहीं होता है। साथ ही महिलाओं से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा नहीं होती है। कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र को मजबूत रखने के लिए शत-प्रतिशत मतदान जरूरी है। पहली बार मतदान करने वाले गांव के युवक विवेक नौटियाल ने कहा कि लोकतंत्र में अपने मताधिकार का प्रयोग करना प्रत्येक वयस्क नागरिक का नैतिक दायित्व है। मताधिकार के प्रयोग से ही स्वच्छ छवि की सरकार का गठन होता है, जो नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने और देश-प्रदेश के विकास के लिए पारदर्शिता से नीतियां बनाते हैं। कहा महिलाओं को मतदान जागरूकता अभियान में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। इस दौरान मीना शर्मा, आशा बलूनी, कमला रतूड़ी, सबल नौटियाल, जयपाल, प्रियंका, मनीषा, उर्मिला, निर्मला, संगीता, कमला, प्रमिला, विनीता, रुक्मणी, इंद्रा देवी, पलक, शीला, विनीता राय, बमो देवी, बीना देवी, संतो देवी आदि मौजूद रहे।