जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में वर्चुवल रूप से आज जिला चिकित्सालय प्रबन्धन समिति के संचालन मण्डल की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में 2021-22 हेतु बजट का निर्धारण एवं व्यय की स्वीकृति दी गयी। जिला चिकित्सालय हेतु 2021-22 के लिए कुल 01 करोड़ 68 लाख 20 हजार रू0 के प्रस्तावित बजट को अनुमोदित किया गया। इस बजट से चिकित्सालय के कार्यालय व्यय, अनुरक्षण, सामग्री सम्पूर्ति, आहार, औषधि तथा रसायन, लघु निर्माण आदि विभिन्न मदो पर धनराशि व्यय की जायेगी। जिलाधिकारी ने वर्ष 2020-21 के बजट में कुछ मदो में धनराशि अवशेष न रहने के कारण उसे दूसरे मद में स्थानान्तरण की स्वीकृति भी प्रदान की।
बैठक में जिला चिकित्सालय के संविदा/दैनिक मानदेय पर रखे गये कार्मिकों को 01 दिन का विश्राम देने के उपरान्त दैनिक/संविदा अवधि 89 दिनों के लिए बढ़ाने को मंजूरी दी गयी। चिकित्सालय के विद्युतकार की 06 माह की सेवा अवधि को भी विस्तारित किया गया। जैविक एवं अजैविक कूड़ा हेतु नगरपालिका को प्रतिमाह यूजर चार्जेज भुगतान दिये जाने के सम्बन्ध में प्रस्ताव संचालक मण्डल के सम्मुख रखते हुए इसे भी अनुमोदित किया गया। इस बैठक में अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर भी चर्चा की गयी। बैठक में वर्चुवली रूप से नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी, समिति के सदस्य अशोक कुमार पाण्डे, सुनील जोशी के अलावा बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 सविता हयांकी, पीएमएस डा0 आर0सी0 पंत, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 योगेश पुरोहित, मुख्य कोषाधिकारी हेमेन्द्र प्रकाश गंगावार आदि उपस्थित रहे।