– भाजपा के झूठ व भ्रमजाल में न फंसकर कांग्रेस के पक्ष में करें मतदान: प्रीतम
विकासनगर। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के प्रत्याशी आर्येंद्र शर्मा के पक्ष में जन समर्थन जुटाने के लिए सेलाकुई में रोड शो किया। इस मौके पर प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन के नाम पर आयी सरकार ने महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी को बढ़ावा देकर जनता के साथ धोखा किया है। कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी की मार से उत्तराखंड की जनता कराह रही है। जनता की नजरें अब कांग्रेस पर हैं। कांग्रेस सत्ता में आने पर जनता के दुख दर्दों को दूर करने का काम करेगी। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने शहीद सतेंद्र चौक पर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद शहीद चौक से फार्मासीटी चौक तक रोड शो किया। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी आर्येंद्र शर्मा के लिए समर्थन जुटाया। इससे पहले निगम रोड स्थित योगेश्वर वाटिका में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वर्ष 2017 के चुनाव में भाजपा अच्छे दिनों का सपना दिखाने, महंगाई, बेरोजगारी समाप्त करने के नाम पर सत्ता में आयी। तब भाजपा ने डबल इंजन के नाम पर जनता को गुमराह किया। लेकिन पांच साल की सत्ता में अपनी सरकार की नाकामी को छुपाने के लिए भाजपा ने छह माह के भीतर तीन मुख्यमंत्री बदले। अब फिर जनता को गुमराह करने के लिए डबल इंजन बनाने की बात करती है। लेकिन जनता को भाजपा की सरकार ने सत्ता में रहकर जो परेशानी दी, उसे जनता भूल नहीं सकती।
भाजपा के नेता जहां भ्रष्टाचार में आकंठ डूबकर सत्ता का स्वाद चखते रहे। वहीं महंगाई, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी के मारे जनता परेशान रही। कहा कि पेट्रोल डीजल के दाम एक सौ रुपये पार कर गये, सरसों का तेल ढाई सौ रुपये किलो, रसोई गैस साढ़े नौ सौ रुपये और दो हजार रुपये तक पहुंचाया। कहा कि बेरोजगारी में आज उत्तराखंड देश का पहला नंबर राज्य हैं। जहां शिक्षित व प्रशिक्षित बेरोजगार ठोकरें खा रहे हैं। आज शिक्षक, कर्मचारी, पुलिस व आम जनता सड़कों पर उतरी है। कहा कि प्रदेश भर में कांग्रेस की लहर चल रही है। जनता कांग्रेस की ओर देख रही है। कांग्रेस सरकार आयेगी और जनता के आंसू पोंछने का काम करेगी। महंगाई पर रोक लगायेगी। बेरोजगारों को रोजगार देगी। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगायेगी। नेता प्रतिपक्ष ने सहसपुर की जनता का आह्वान किया कि भाजपा के झूठ व भ्रमजाल में न फंसकर कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करें। कांग्रेस प्रत्याशी आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि जनता का आशीर्वाद मिलेगा तो जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का काम करेंगे।