अल्मोड़ा। राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने गुरुवार को राजकीय अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोमेश्वर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नवनिर्मित ऑक्सीजन प्लांट तथा अस्पताल भवन का निरीक्षण किया। राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि वर्ष 2004 में कांग्रेस सरकार के स्वास्थ्य मंत्री तिलक राज बेहड़ ने अस्पताल के उच्चीकरण की प्रक्रिया शुरू करते हुए यहां 25 बिस्तर वाले अस्पताल का भवन निर्माण किया गया। तथा 9 नए पद सृजित कर शासनादेश भी जारी किया था। लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा की सरकार ने अस्पताल के उच्चीकरण के मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। अब चुनावी समय में भाजपा के मंत्री और मुख्यमंत्री 25 बिस्तर के अस्पताल को 10 बिस्तर का अस्पताल बनाने का शासनादेश जारी कर क्षेत्रीय जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। राज्यसभा सांसद ने कहा है कि क्षेत्र की घनी आबादी को देखते हुए अस्पताल में जच्चा-बच्चा वार्ड, महिला चिकित्सा, अल्ट्रासाउंड मशीन, एक्स-रे मशीन तथा पैथोलॉजी की सुविधाएं आवश्यक हैं। कांग्रेस सरकार बनने पर सोमेश्वर अस्पताल को 25 बिस्तर के अस्पताल में पुनर्स्थापित किया जाएगा। तथा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकाल में स्वीकृत महिला बेस अस्पताल का भी निर्माण किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने चिकित्साधिकारी डॉ आनंद नारायण तिवारी सहित विभागीय अधिकारियों से अस्पताल की समस्याओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम में कांग्रेस किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुरेश बोरा, कांग्रेस पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष राजू भट्ट, पूर्व जिपं सदस्य बालम भाकुनी, कुंदन भंडारी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष भुवन दोसाद, प्रकाश बिष्ट, राजेंद्र बोरा, चंदन वर्मा, सुंदर बिष्ट सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।