ऋषिकेश। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय सोमवार को परमार्थ निकेतन पहुंचे। उन्होंने परमार्थ निकेतन गंगा घाट पर गंगा आरती और पूजा-अर्चना की। राज्यपाल ने परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद से मुलाकात की। कहा कि परमार्थ निकेतन ऋषिकेश में आकर बहुत शांति और सुकून मिलता है। यहां का आध्यात्मिक व भक्तिमय वातावरण मन को प्रसन्न कर देता है। स्वामी चिदानन्द ने कहा कि हरियाणा कुरुक्षेत्र की धरती भी भगवान श्रीकृष्ण की धरती है। यहां प्रभु ने अर्जुन को श्रीमद्भगवद् गीता का दिव्य संदेश दिया था। आज की युवा पीढ़ी भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के संदेशों को लेकर आगे बढ़ती रहे तो धरती पर शांति, समन्वय और सद्भाव स्थापित होगा। इस दौरान राज्यपाल ने गंगा आरती व पूजा अर्चना भी की।