ऋषिकेश। रायवाला गांव में समाज कल्याण विभाग द्वारा निर्माणाधीन वृद्धाश्रम का कार्य तहसीलदार ऋषिकेश ने रुकवा दिया है। मालूम हो कि पहले पुलिस ने भी इस वृद्धाश्रम का कार्य रुकवाया था।
दो माह पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने लगभग 5 करोड़ की लागत से बनने वाले इस वृद्धाश्रम का शुभारंभ किया था। जिला समाज कल्याण अधिकारी गोवर्धन का कहना है कि सीडीओ के कार्य करने के आदेश हैं। कार्य रोके जाने की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वहीं ग्राम प्रधान सागर गिरी ने बार-बार काम में दखल डालने पर आपत्ति जताई है। उधर, तहसीलदार डा. अमृता शर्मा का कहना है कि वृद्धाश्रम की भूमि से संबंधित पुराना मामला कोर्ट में है, इसकी समीक्षा की जा रही है। जांच के बाद ही मामले में निर्माण कार्य शुरू करवाने की अनुमति दी जायेगी।