बिना किसी गठबंधन के उत्तराखंड में 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी सपा | Jokhim Samachar Network

Friday, May 03, 2024

Select your Top Menu from wp menus

बिना किसी गठबंधन के उत्तराखंड में 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी सपा

ऋषिकेश। उत्तरप्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और सपा उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र चौधरी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2022 में पार्टी राज्य की 70 सीटों पर बिना किसी गठबंधन के चुनाव लड़ेगी। दावा किया कि उत्तराखंड में सपा के सहयोग से ही अगली सरकार बनेगी।
बुधवार को हरिद्वार रोड स्थित लोनिवि अतिथि गृह में आयोजित पत्रकारवार्ता में सपा के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र चौधरी ने कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों पार्टियों ने राज्य की जनता के अधिकारों का हनन किया है। सपा सत्ता में आई तो आम नागरिकों के अधिकार और उनके हित के लिए कार्य करेगी। कहा कि भाजपा ने डबल इंजन की सरकार बोलकर राजनीतिक अपराध किया है। यह भारतीय संविधान के विरुद्ध आचरण है। केंद्र और प्रदेश सरकार के अलग-अलग दायित्व होते हैं। महंगाई और बेरोजगारी पर लगाम नहीं लगाने वाली भाजपा ने देश को आर्थिक संकट में फंसाया है। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कुछ औद्योगिक घरानों के हाथों की कठपुतली बनकर रह गई है। पूर्व मंत्री ने दावा किया कि यूपी में फिर सपा की सरकार बनने जा रही है। अखिलेश यादव यूपी के मुख्यमंत्री होंगे। प्रदेश की जनता भाजपा के कुचक्र को चुनाव में तोड़ देगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अखिलेश के कार्यकाल में स्वीकृत विकास कार्य पूरे कर योगी सरकार श्रेय लूट रही है। उन्होंने भाजपा को लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया। मौके पर प्रदेश प्रवक्ता अतुल यादव, प्रदेश कोषाध्यक्ष एसके राय, पूर्व उपाध्यक्ष रमेश चन्द्र गौड़, राजपाल यादव, महानगर अध्यक्ष अशोक ग्रोवर, सरदार गोविन्द सिंह आदि मौजूद रहे।

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *