हल्द्वानी। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा दो सदस्यों के साथ बुधवार को बनभूलपुरा पहुंचे। उन्होंने घटना का घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। उन्होंने आगजनी प्रभावित थाना बनभूलपुरा का स्थलीय निरीक्षण भी किया। थानाध्यक्ष वनभूलपुरा ने उन्हें हिंसा के दौरान का वृतांत सुनाया। बताया कि जब हिंसा हुई तब थाने में 11 सदस्यों का स्टॉफ था, जिसमें तीन मजिस्ट्रेट और अन्य पुलिस कार्मिक मौजूद थे। उपद्रवियों ने थाने को दोनों ओर से घेर लिया था, जिसके बाद उनके द्वारा थाने में आगजनी, तोडफोड़ और पथराव कर दिया। इसके बाद अध्यक्ष इकबाल सिंह ने घटनास्थल मलिक के बगीचा का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह और सदर एसडीएम पारितोष वर्मा से घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। उन्होंने घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि वह अपेक्षा करते हैं कि यहां अमन और शांति बहाली हो। उन्होंने स्थानीय लोगों से अमन और शांति कायम करने में सहयोग देने की अपील भी की। स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार जताया। कहा कि प्रशासन की ओर से उन्हें हर संभव मदद मुहैया कराई गई।