ऋषिकेश। गढ़वाल मंडल विकास निगम के तीर्थनगरी ऋषिकेश स्थित यात्रा कार्यालय को देहरादून शिफ्ट करने के प्रस्ताव पर जीएमवीएन कर्मियों का पारा चढ़ गया है। इसे अव्यवहारिक निर्णय बताते हुए यात्रा कार्यालय में निगम प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। चेताया कि जल्द प्रस्ताव को खारिज नहीं किया तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
गुरुवार को कर्मचारी संघ गढ़वाल मंडल विकास निगम के अध्यक्ष मनमोहन चौधरी के नेतृत्व में निगम कर्मी हरिद्वार बाईपास मार्ग स्थित जीएमवीएन यात्रा कार्यालय में एकत्रित हुए। यहां गेट मीटिंग कर जीएमवीएन निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। आक्रोशित कर्मियों ने कहा कि प्रबंध निदेशक ने सहायक प्रधान प्रबंधक से ऋषिकेश से यात्रा कार्यालय को दून शिफ्ट करने के बाबत प्रस्ताव मांगा है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो दिन पहले प्रस्ताव मुख्यालय भेज दिया है। गुरुवार को इसकी भनक लगने पर निगम कर्मी एकजुट हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चारधाम यात्रा के प्रवेशद्वार तीर्थनगरी ऋषिकेश में यात्रा कार्यालय का महत्व है, इसे किसी भी कीमत पर देहरादून शिफ्ट नहीं होने देंगे। कर्मचारियों ने आर-पार के संघर्ष का ऐलान किया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस मामले में जल्द एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री से मिलेगा।