कांग्रेस लोकसभा चुनाव में पांचों सीटों पर जीत दर्ज करेगी: हरीश रावत   | Jokhim Samachar Network

Saturday, July 27, 2024

Select your Top Menu from wp menus

कांग्रेस लोकसभा चुनाव में पांचों सीटों पर जीत दर्ज करेगी: हरीश रावत  

ऋषिकेश देहरादून में बजट सत्र के फैसले पर पूर्व सीएम हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर कड़ा हमला बोला। कहा कि, सरकार पलायन रोकने का दावा करती है, लेकिन खुद उसे पहाड़ (गैरसैंण) चढ़ने में ठंड लग रही है। बोले, यह राज्य की जनभावना का अपमान है। पूर्व सीएम बोले, सरकार की कमियों से उपनल और अतिथि शिक्षकों का भविष्य संकट में है। प्रशासनिक और राजनीतिक संरक्षण में राज्य ‘उड़ता उत्तराखंड बनने की दिशा में बढ़ रहा है। कहा कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव में जन परिवर्तन के बूते पांचों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। तहसील मार्ग पर शैल विहार स्थित कांग्रेस नगर अध्यक्ष राकेश मियां के कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान वह सरकार की नीतियों पर जमकर बरसे। कहा कि सरकार के पास प्रदेश के विकास का कोई मॉडल नहीं है। पहाड़ से मैदानी शहरों में लोगों का पलायन, जलवायु परिवर्तन के साथ राज्य के लिए जल्द ही नई मुसीबत की चेतावनी है। गैरसैंण में बजट सत्र आयोजित करने की बजाय सरकार खुद पलायन कर देहरादून में आयोजन कर रही है। हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस के समय सात वर्ष तक उपनल और अतिथि शिक्षक के रूप में काम करने वालों को नियमित किया है, मगर भाजपा सरकार में इन कर्मचारियों की न तो सेवा की सुरक्षा है और न ही भविष्य सुरक्षित है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रचलन पर भी चिंता जाहिर की। बोले, नशे के धंधे को प्रशासनिक और नेताओं का संरक्षण प्रदेश की युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रहा है। लोकसभा चुनाव में उन्होंने जन परिवर्तन के बूते पांचों सीटों पर जीत का दावा किया। उन्होंने कांग्रेस से बेटे को लोकसभा चुनाव में टिकट की इच्छा भी जाहिर की। मौके पर मनीष शर्मा, जयेंद्र रमोला, कपिल शर्मा, अभिनव मलिक, मधु मिश्रा आदि मौजूद रहे।

ऋषिकेश में बरसी रिमझिम फुहारें
ऋषिकेश ऋषिकेश में मौसम ने फिर करवट बदली है। सोमवार को दिनभर आसमान में बादल छाये रहे। दोपहर बाद रिमझिम बारिश हुई। इससे मौसम ठंडा हो गया है। मंगलवार को भी मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है।सोमवार का दिन होने के कारण बाजार में खरीदारी और उपचार के लिए बड़ी संख्या में लोग सरकारी एवं निजी क्लीनिकों में पहुंचे थे। दोपहर बाद बारिश शुरू होने से उन्हें घर लौटने में दिक्कत आई। बारिश शुरू होने के बाद बाजार की चहल-पहल भी प्रभावित रही। सोमवार को अधिकतम तापमान 23 और न्‍यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। उधर, रबी की फसल के लिए बारिश लाभदायक बताई जा रही है। इन दिनों गेहूं, सरसों, गन्ना, मटर की फसल खेतों में खड़ी है। कृषि वैज्ञानिक वीके सिंह बताते हैं कि रबी की फसल के लिए यह बारिश लाभदायक है। इससे फसल की पैदावार में इजाफा होगा। मौसम वैज्ञानिक विक्रम सिंह के अनुसार अभी ठंड कुछ और दिन तक इसी तरह बनी रहेगी। आने वाले दिनों में बारिश के आसार भी हैं।
आंदोलनकारियों को लेकर गंभीर नहीं सरकार:  जगमोहन नेगी
ऋषिकेश  उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों ने सरकार के उपेक्षात्मक रवैये पर आक्रोश जताया है। उन्होंने शासनादेश होने के बाद आंदोलनकारियों का चिन्हीकरण नहीं होने पर नाराजगी जताई। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी ने कहा कि सरकार राज्य आंदोलनकारियों के मामले को लेकर गंभीर नहीं दिख रही है। इस दौरान वरिष्ठ आंदोलनकारियों को सम्मानित भी किया गया। सोमवार को हरिद्वार मार्ग पर नगर निगम परिसर स्थित इंद्रमणि बडोनी हॉल में आयोजित बैठक में प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती ने कहा कि आखिर सरकार राज्य आंदोलनकारियों के साथ इतना पक्षपात क्यों कर रही है? राज्य आंदोलनकारियों का चिन्हीकरण कार्य अधूरा पड़ा है। आरक्षण को लेकर भी उहापोह की स्थिति बनी हुई है। यदि सरकार इसे इतना लटकाएगी तो राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी चैता कंडवाल, गुड्डी डोभाल, सतेश्वरी मनोडी, मुन्नी ध्यानी, वेद प्रकाश शर्मा, बलवीर सिंह नेगी का उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच ने शाल और फूल मालाओं से सम्मान किया। बैठक में मूल निवास, भू कानून और परिसीमन पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर वीर सिंह रावत, सुशील चमोली, डीएस गुसाईं, गंभीर मेवाड़, गुलाब सिंह रावत, युद्धवीर सिंह चौहान, रूकम पोखरियाल, बिशंबरदत्त डोभाल, देवेश्वर काला, राजेंद्र कोठारी, हरि सिंह नेगी, बृजेश डोभाल, जुगल किशोर, कुसुम लता शर्मा, समानी भट्ट, जयंती नेगी, प्रेम नेगी, सुशीला पोखरियाल, उर्मिला डबराल, रूपा धस्माना, कमला रौतेला, यशोदा नेगी, प्रेम नेगी, अंजू गैरोला, सतेश्वरी उनियाल आदि मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता बलवीर सिंह नेगी तथा संचालन डीएस गुसाईं ने किया।

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *