विकासनगर। शीशमबाड़ा वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के विरोध में पछुवादून संघर्ष समिति ने प्लांट गेट पर भूख हड़ताल कर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही आमरण अनशन की चेतावनी भी दी है।
समिति के अध्यक्ष चैतन्य अनिल गौड़ ने कहा कि प्लांट से निकलने वाली जहरीली गैस से सेलाकुई क्षेत्र की आबोहवा प्रदूषित हो रही है। रसायनों के रिसने से आसन नदी प्रदूषित होने के साथ ही फसलों को भी नुकसान हो रहा है। कहा कि जब सरकार ने प्लांट निर्माण शुरु किया तो स्थानीय लोगों की जन भावनाओं का ध्यान नहीं रखा गया। प्लांट निर्माण शुरु होते ही स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरु कर दिया था। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि एक तरफ सरकार स्वच्छ भारत अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर देहरादून शहर का कूड़ा शीशमबाड़ा में डंप कर गंदगी फैलाने के साथ ही स्थानीय जनता के स्वास्थ्य को खतरे में डाला जा रहा है। कहा कि जल्द ही प्लांट को स्थानांतरित नहीं किया गया तो जनता आमरण अनशन शुरु कर देगी। धरना प्रदर्शन करने वालों में राज गंगसारी, अरुण कुमार, राय सिंह, शूरवीर सिंह चौहान, राजकुमार सहगल, प्रेम लाल कोठारी, राम निवास शर्मा, सपना शर्मा, उमा पंवार, मनोज सिंघल, राकेश सिंघल, राजेंद्र चौहान, प्रकाश भट्ट, रमेश बलूनी, महेंद्र पंवार, बाल किशन सहगल, प्रवीण पाल आदि शामिल रहे।