![](http://newsportal.jokhimnews.com/wp-content/uploads/2024/06/19-2-1-765x510.jpg)
बागेश्वर पीने के पानी की मांग को लेकर मेहनरबूंगा के लोगों ने खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र के लिए बनी योजना का लाभ उन्हें नहीं मिल रहा है। उन्हें खुद एक से दो किमी दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।सोमवार को मेहनरबूंगा क्षेत्र के लोग खाली बर्तनों के साथ जल संस्थान कार्यालय पहुंचे। यहां नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कनस्तर बजाकर अधिकारियों को कुंभकर्णी नींद से जगाने को कहा। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि मेहनरबूंगा क्षेत्र में पानी का संकट लंबे समय से बना हुआ है। जबकि उसी क्षेत्र में बनी मेहनरबूंगा-पुलिस पेयजल योजना का लाभ भी उन्हें नहीं मिल रहा है। पानी के लिए उन्हें एक किमी दूर माग के धारे में जाना पड़ रहा है। धारे तक जाने में उन्हें भारी परेशानी हो रही है। जिस रास्ते से महिलाएं पानी भरने जाती है वहां गुलदार का भी आतंक बना हुआ है। पुल पर आवारा जानवरों का बसेरा बना है। कई जानवर हिंसक हो गए हैं। इससे परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने मेहनरबूंगा-पुलिस पेयजल योजना से पानी देने, 50 केएल टैंक निर्माण के लिए जल्द बजट देने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर उन्होंने खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शनक किया। इस मौके पर अर्जुन देव, रीता देवी, हेमा देवी, किशन राम, ममता देवी, जीवन लाल, अनिल कुमार, सुरेश चंद्र, पूर्व प्रधान रमेश राज आदि मौजूद रहे।