
ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में गंगा अवतरण दिवस आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। त्रिवेणीघाट पर श्रद्धालुओं ने गंगा का दुग्धाभिषेक किया। विशेष गंगा आरती में शामिल हुए। हर-हर गंगे, जय मां गंगे के उद्घोष से समूचा तट गुंजायमान रहा। रविवार को गंगा सप्तमी पर त्रिवेणी घाट स्थित श्री गंगा सभा की ओर से विशेष भव्य गंगा आरती के साथ हवन, पूजन किया गया। विभिन्न प्रांतों से आए श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोग धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए। शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर अनिता ममगाई ने भी आरती में शामिल होकर गंगा का आशीर्वाद लिया। कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने कहा कि गंगा जगत की पालनहार है, ऐसे में उनका जन्मदिन पूरा देश कई रूपों में मना रहा है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने भजनों की शानदार प्रस्तुति दे रहे संगीतकारों को सम्मानित किया।
इस मौके पर श्री गंगा सभा के अध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष राहुल शर्मा, महामंत्री रामकृपाल गौतम, संरक्षक महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य, मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, विनोद पाल, पंडित जगमोहन मिश्रा, पवन शर्मा, बृजेश शर्मा, पंडित वेद प्रकाश शास्त्री आदि श्रद्धालु मौजूद रहे। वहीं, गंगा सप्तमी पर मुनिकीरेती, स्वर्गाश्रम, लक्ष्मणझूला क्षेत्र के घाटों पर श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगायी और विधि विधान से पूजा अर्चना की।