
ऋषिकेश। कांग्रेस के बागी प्रत्याशी शूरवीर सिंह सजवाण को मनाने में संगठन कामयाब रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मोहन प्रकाश से वार्ता के बाद सजवाण ने नामांकन वापस ले लिया है। उन्हें प्रदेश संगठन में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाएगा। उधर, डोईवाला सीट पर भाजपा के दो बागी प्रत्याशियों समेत आठ लोगों ने नामांकन वापस ले लिया है। सोमवार को कांग्रेस संगठन रूठे पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण को मनाने में सफल रहा। दोपहर करीब पौने तीन बजे उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को अपना समर्थन दिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मोहन प्रकाश के साथ मंत्रणा के बाद उन्होंने नामांकन वापस लिया। राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि सजवाण को प्रदेश संगठन में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जायेगा। जबकि सरकार बनने पर उन्हें दायित्व भी दिया जायेगा। उधर, डोईवाला सीट पर भाजपा के बागी प्रत्याशी सौरभ थपलियाल, सुभाष भट्ट दोनों ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। जबकि भाजपा से बागी जितेन्द्र नेगी चुनाव मैदान में है।