यूपी और उत्तराखंड में जहरीली शराब का कहर देखने को मिला है। जहरीली शराब का सेवन करने से अब तक 40 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोगों की हालत गंभीर है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यूपी के सहारनपुर जिले में कुल 18 तो कुशीनगर जिले में दो दिनों में अब तक कुल 10 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं उत्तराखंड के रुड़की में झबरेड़ा क्षेत्र के बल्लूपुर गांव में जहरीली शराब पीने से अब तक 12 लोगों की मौत हो गई है। वहीं चार लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
सहारनपुर में कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
बताया जा रहा है कि इन सभी लोगों की मौत शराब पीने की वजह से हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से भी इस मामले की जानकारी जुटाई।
सहारनपुर में नागल क्षेत्र के गांव उमाही में शराब के सेवन से मरने वालों में 48 वर्षीय इमरान, 32 वर्षीय पिंटू, 32 वर्षीय कमरपाल और 30 वर्षीय अरविंद बताए जा रहे हैं। वहीं जहरीली शराब पीने से अन्य दस लोगों की हालत बेहद गंभीर है।