विकास के लिए देश को मोदी की जरूरतः जयराम
विकासनगर। लोकसभा चुनाव से पहले हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर उत्तराखंड में वोटरों को साधने के लिए विकासनगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पत्रकार वार्ता कर कहा कि हिमाचल और उत्तराखंड दोनों अच्छे पड़ोसी राज्य हैं, हमारी संस्कृति और भौगोलिक परिस्थितियां और कठिनाइयां भी एक जैसी है। सीमा से लगे कुछ क्षेत्रों में लोगों के बीच आपस में रिश्तेदारी का भी संबंध है। उन्होंने कहा कि मैं जनता से आग्रह करने आया हूं कि लोकतंत्र के महापर्व में आगे बढ़कर हिस्सा लें। देश को मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बेहतर नेतृत्व और कोई देश को नहीं दे सकता है।
उन्होंने दावा कि हिमाचल की चार और उत्तराखंड की 5 लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत निश्चित है। उन्होनें कहा कि किसाऊ बांध परियोजना पर भी चुनाव आचार संहिता के बाद इस पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में जिस तरह का महौल बन रहा है यह निश्चित है कि इस बार बीजेपी की सरकार केंद्र में पूर्ण बहुत के साथे बनेगी। उन्होने कहा कि जितना देश का विकास पिछले पांच सालों में हुआ है। उतना पिछले सत्तरसालो में नही हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुनियां में देश की एक अलग पहचान बनाई है। जिससे चलते आज पूरी दुनियां भारत के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास चुनाव में जाने के लिए कोई मुद्दा नही है। वो सिर्फ मोदी सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार करने का सहारा ले रही है।