टिहरी सीट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का नाम सबसे आगे | Jokhim Samachar Network

Thursday, April 18, 2024

Select your Top Menu from wp menus

टिहरी सीट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का नाम सबसे आगे

हरादून। कांग्रेस से बड़ी संख्या में प्रमुख नेताओं के भाजपा में चले जाने के बाद सेकेंड लाइन के नेताओं के लिए यह चुनाव स्वर्णिम अवसर लेकर आया है। गढ़वाल और टिहरी सीट पर तो साफ साफ दिख रहा है कि सेकेंड लाइन के नेता ही भाजपा की चुनौती का सामना करेंगे। टिहरी सीट पर प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का नाम तेजी से आगे बढ़ा है। प्रीतम भले ही पांच बार के विधायक और दो बार के कैबिनेट मंत्री रह चुके हों, लेकिन लोकसभा चुनाव के लिहाज से उनका कोई अनुभव नहीं है।
इसी तरह, टिहरी सीट पर दावेदारी कर रहे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय की भी यही स्थिति है। वह प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री रह चुके हैं, लेकिन लोकसभा का चुनाव कभी नहीं लड़ा है। गढ़वाल सीट को लें तो प्रमुख दावेदार पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह कई बार के विधायक और दो बार के मंत्री रह चुके हैं। एक बार लोकसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, पूर्व संसदीय सचिव गणेश गोदियाल, डिप्टी स्पीकर रह चुके एपी मैखुरी टिकट की दावेदारी तो कर रहे हैं, लेकिन लोकसभा चुनाव लड़ने के मामले में अनुभवी नहीं हैं।

कांग्रेस के बागी धनीलाल शाह फिर पार्टी में शामिल
देहरादून। उत्तराखंड की घनसाली टिहरी सीट से कांग्रेस के बागी धनीलाल शाह ने मंगलवार को देहरादून में फिर से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने 2017 का उत्तराखंड विधानसभा चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ा था। देहरादून में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के सामने धनीलाल शाह ने सदस्यता ग्रहण की।
लोकसभा चुनाव की बेला में कांग्रेस कुनबा बढ़ाने में जुट गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की 16 मार्च को प्रस्तावित रैली से पहले कई लोगों को पार्टी में शामिल कराने के लिए वरिष्ठ नेता जुट गए हैं। इस तरह का माहौल बनाकर मनोवैज्ञानिक बढ़त लेने की कोशिश है। सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कुछ लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई थी।
लोकसभा चुनाव का एलान होने के बाद उत्तराखंड कांग्रेस के सामने इस वक्त सबसे बड़ा कार्यक्रम राहुल गांधी की रैली है। 16 मार्च को प्रस्तावित इस रैली में कांग्रेस की तरफ से कहा जा रहा है कि कुछ बडे नाम पार्टी के साथ जुड़ सकते हैं। इसलिए पूरी गोपनीयता बरती जा रही है। इन स्थितियों के बीच, पार्टी में लोगों को शामिल कराने का अभियान जरूर शुरु कर दिया गया है। सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के विधानसभा क्षेत्र चकराता के ग्राम सिलामू के कई ग्रामीणों ने कांग्रेस की सदस्यता ली। प्रीतम सिंह ने इस मौके पर कहा कि कांग्रेस में ही हर वर्ग के हित सुरक्षित है।

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *