
रुड़की। ऊर्जा निगम कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि सरकार निजीकरण की ओर कदम बढ़ा रही है। अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा की ओर से मलकपुर चुंगी के ग्रामीण विद्युत वितरण खंड के परिसर में बैठक की गई। इसके बाद मोर्चा के पदाधिकारी, सदस्यों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। बैठक की अध्यक्षता महिपाल ने की। संचालन दीपक शांडिल्य ने किया। उन्होंने कहा कि उपनल और सेल्फ हेल्प ग्रुप के कर्मचारी कई साल से निष्ठा के साथ जोखिम भरे कार्य कर रहे हैं। वह अपने कार्यों को पूरी तरह से कर रहे हैं। उन्हें जल्द से जल्द वरिष्ठता के आधार पर निगम में नियमित किया जाए। कहा कि उन्हें नियमित होने तक समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए। आरोप लगाया कि सरकार की निजीकरण की ओर कदम बढ़ा रही है। बैठक में बिजली संशोधन बिल पर चर्चा की गई। मोर्चा का कहना है कि इलेक्ट्रिसिटी ऐक्ट 2003 में संशोधन करने के लिए संशोधन बिल 2022 लाया जा रहा है। इससे ऊर्जा क्षेत्र के साथ उपभोक्ताओं और बिजली इंजीनियरों और कर्मचारियों पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा।