पेट्रोल के बढते दामों के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन | Jokhim Samachar Network

Saturday, April 20, 2024

Select your Top Menu from wp menus

पेट्रोल के बढते दामों के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

देहरादून। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के विरोध में कांग्रेस ने पेट्रोल पंपों पर प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज किया. कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्रीतम सिंह के नेतृत्व में पेट्रोल पंपों पर डीजल-पेट्रोल भरवाने आए उपभोक्ताओं को भाजपा के कार्यकाल में बढ़े पेट्रोल-डीजल की कीमतों से रूबरू करवाते हुए पर्चे बांटे।
सोमवार को डीजल-पेट्रोल के बढ़ते दामों के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह यूनिवर्सल पेट्रोल पंप पहुंचे। उसके बाद उन्होंने प्रदेश मुख्यालय तक कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने सड़कों पर चल रहे लोगों को पर्चे वितरित किये। साथ ही जनता को बताया कि भाजपा किस तरह से पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में वृद्धि कर जनता को लूट रही है। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कांग्रेस कई दिनों से पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों को कम करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में बेतहाशा वृद्धि होने के कारण महंगाई चरम पर है। एक ओर मध्यम और गरीब वर्ग कोरोना महामारी से लड़ रहा है तो वहीं, दूसरी ओर भाजपा सरकार महंगाई बढ़ाकर आम जनमानस पर दोहरा प्रहार कर रही है। प्रीतम सिंह ने कहा कि इसके विरोध में कांग्रेस लगातार जनता के बीच जाकर भाजपा के चाल, चरित्र और चेहरे को उजागर करने का काम कर रही है।वहीं, प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही कोरोना महामारी से त्रस्त है। उसके बावजूद पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाये गये हैं। जिसने जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारी, दुकानदार टैक्सी, टेंपो, बस चालकों और फड़ ठेली लगाने वालों का काम चैपट हो गया है। इस दौर में उनके सामने दोहरा संकट खड़ा हो गया है। मगर भाजपा सरकार उन्हें राहत देने की बजाय महंगाई बढ़ाने में लगी हुई है। दरअसल, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ने हर सोमवार को पेट्रोल पंपों पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। इसी को लेकर आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जो उपभोक्ता पेट्रोल-डीजल भरवाने आये उन्हें भाजपा कार्यकाल में पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों से अवगत कराते हुए पर्चे वितरित किए गये।

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *