आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने किया आर-पार की लड़ाई का ऐलान  | Jokhim Samachar Network

Thursday, April 25, 2024

Select your Top Menu from wp menus

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने किया आर-पार की लड़ाई का ऐलान 

– 20 अक्तूबर से कार्य बहिष्कार ,22 अक्तूबर को शंखनाद रैली
विकासनगर। मानदेय बढ़ाने समेत अन्य लंबित मांगों के पूरा नहीं होने से नाराज सहसपुर ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने 20 अक्तूबर से कार्य बहिष्कार का ऐलान किया है। इसके साथ ही 22 अक्तूबर को शंखनाद रैली निकाली जाएगी। सहसुपर ब्लॉक मुख्यालय में हुई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की बैठक में यह निर्णय लिया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगठन की प्रदेश महामंत्री सुशीला खत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सिर्फ झूठा आश्वासन देकर उन्हें गुमराह करने की कोशिश की है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बाल विकास की योजनाओं के साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की अन्य योजनाओं के संचालन में अपना योगदान देती हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का योगदान होता है। लिहाजा बाल विकास की योजनाओं के साथ ही अन्य योजनाओं को संचालित करने में उन पर काम का बोझ अधिक होता है। बावजूद इसके सरकार जायज मांग को भी अनदेखा कर रही है। कोविड काल में प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने अपनी जान जोखिम में डाल कर जनता को स्वस्थ रखने में अपना योगदान दिया। सरकार ने कोविड ड्यूटी में तैनात सभी कर्मचारियों मानदेय बढ़ाया है, लेकिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय नहीं बढ़ाया गया। कार्यकर्ता, मिनी कार्यकर्ता और सहायिका आज भी अल्प मानेदय पर काम कर रहे हैं। कहा कि महिला सशक्तीकरण का दावा करने वाली सरकार खुद ही महिलाओं का आर्थिक शोषण कर रही है। सरकारी विभाग में कार्य करने के बावजूद महिलाओं को श्रम कानूनों के अनुरूप मेहनताना नहीं दिया जा रहा है। इससे साफ जाहिर है कि सरकार की करनी और कथनी में अंतर है। लिहाजा अब समय आ गया है जब महिला विरोधी सरकार के खिलाफ सड़कों पर शंखनाद किया जाए। ब्लॉक अध्यक्ष अर्चना कश्यप ने कहा कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता 22 अक्तूबर को शंखनाद रैली के माध्यम से आर पार की लड़ाई का बिगुल बजाएंगी। ब्लॉक उपाध्यक्ष संजीदा बेगम ने कहा कि अब घर बैठकर तमाशा देखने का समय नहीं रहा। सरकार को सबक सिखना जरूरी है। इस दौरान हामीदा खातून, रेखा पाल, आसमां, नीलम, सरोज बाला, सीमा शाह, बबीता, सुषमा आदि मौजूद रहीं।

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *