हिसाब दो जवाब दो कार्यक्रम के तहत आप ने किया विकासनगर विधायक और सहसपुर विधायक के घरों के बाहर प्रदर्शन – | Jokhim Samachar Network

Thursday, April 25, 2024

Select your Top Menu from wp menus

हिसाब दो जवाब दो कार्यक्रम के तहत आप ने किया विकासनगर विधायक और सहसपुर विधायक के घरों के बाहर प्रदर्शन –

विकासनगर। आम आदमी पार्टी ने हिसाब दो जवाब दो कार्यक्रम के तहत विकासनगर के विधायक मुन्ना सिंह चौहान और सहसपुर के विधायक सहदेव सिंह पुंडीर के घरों के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी आप कार्यकर्ताओं ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में विकासनगर और सहसपुर विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य ठप हो गया है।
आम आदमी पार्टी ने विकासनगर के विधायक मुन्ना सिंह चौहान के दिनकर विहार स्थित घर के बाहर प्रदर्शन कर घेराव किया। हालांकि इस दौरान विधायक चौहान घर में नहीं थे और घर बंद पड़ा था।पार्टी ने विकासनगर में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में काम न किये जाने को लेकर विधायक पर आरोप लगाया। कहा कि क्षेत्र की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था खस्ताहाल है। जिला अध्यक्ष एडवोकेट गुरमेल सिंह राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में विकास नगर क्षेत्र में एकमात्र केंद्रीय तिब्बती विद्यालय हरबर्टपुर को भी एक निजी संस्था के हाथों में सौंप दिया गया। भाजपा सरकार अपने कर्तव्यों का निर्वहन नहीं कर पा रही है। कहा भाजपा सरकार सरकारी संस्थानों के निजीकरण में लगी है।
उधर सहसपुर में भी आप कार्यकर्ताओं ने उद्योग व्यापार मंडल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अमित अग्रवाल के नेतृत्व में विधायक सहदेव सिंह पुंडीर के सुद्धोवाला स्थित घर के बाहर प्रदर्शन कर पांच साल के कार्यकाल का जवाब मांगा। कहा कि आप कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम को देख विधायक पुंडीर अपने घर से अन्यत्र चले गये। कहा कि सहसपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्थायें, शीशमबाड़ा प्लांट से जनता को हो रही दिक्कतों, उच्च शिक्षा, बदहाल सड़कें, पेयजल संकट आदि कई सवालों का जवाब विधायक सहसपुर को देना ही होगा।
विकासनगर के विधायक मुन्ना सिंह चौहान का कहना है कि अपना वजूद तलाशने के लिए आप कार्यकर्ता हिसाब देने की मांग कर रहे हैं। विकासनगर में इतिहास में इतने विकास कार्य कभी नहीं हुए जितने वर्तमान में हुए हैं। दो बड़े पुल, बड़ी पेयजल योजनायें, हरबर्टपुर बस अड्डा जैसे महत्वपूर्ण कार्य किये जा रहे हैं।
सहसपुर के विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि आम आदमी पार्टी अपनी जमीन तलाशने के लिए बेवजह परेशान है। कहा कि भाजपा सरकार में ऐतिहासिक विकास कार्य हो रहे हैं।

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *