
रुद्रप्रयाग। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ सदस्य एवं रुद्रप्रयाग जिला पंचायत के उपाध्यक्ष सुमंत तिवारी को पार्टी ने केदारनाथ विधानसभा से प्रत्याशी घोषित किया है। उनके प्रत्याशी घोषित होते ही केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में लोगों ने खुशी व्यक्त की है। साथ ही उनके समर्थकों में उत्साह है।
बीते लम्बे समय से राजनीति में सक्रिय युवा प्रत्याशी सुमंत तिवारी ने आम आदमी पार्टी में शामिल होते ही केदारघाटी के गांव-गांव में जन सम्पर्क किया। वे इससे पहले भी केदारघाटी के गांव-गांव का भ्रमण कर जनता की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का प्रयास करते रहे हैं। आम आदमी पार्टी द्वारा केदारनाथ विधानसभा से प्रत्याशी बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं में खुशी है।
आप कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस क्षेत्र में सुमंत तिवारी लगातार जनता के बीच रहे हैं उनके संघर्षों का पार्टी को बेहतर परिणाम हासिल होगा। इधर, टिकट मिलने पर सुमंत तिवारी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उत्तराखंड सीएम के चेहरे के रूप में कर्नल अजय कोठियाल सहित अनेक पार्टी संगठन के नेताओं का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जनता का भाजपा-कांग्रेस से मन हट चुका है। इस बार आप को जनता समर्थन देकर जीत हासिल करवाएगी।